smupnews

वर्चस्व की लड़ाई में किसान नेता सहित तीन की गोली मारकर हत्या

लखनऊ । यूपी के फतेहपुर जिले में मंगलवार को वर्चस्व की लड़ाई के चलते दिनदहाड़े तीन लोगों को गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस बल के साथ पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना की जांच पड़ताल करते हुए पुलिस तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। हथगांव थाना क्षेत्र के अखिरी गांव में किसान पप्पू सिंह (50), पुत्र अभय सिंह (22) व छोटे भाई रिंकू सिंह (40) की हत्या कर दी गई।

ट्रैक्टर पर सवार लोगों ने घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक तीनों व्यक्ति एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तहिरापुर चौराहे के पास जैसे ही पहुंचे कि तभी ट्रैक्टर पर सवार लोगों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पप्पू सिंह की मां राम दुलारी वर्तमान में गांव की प्रधान हैं, जबकि पप्पू सिंह स्वयं गांव की राजनीति में सक्रिय थे। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे गांव के ही पूर्व प्रधान मुन्नू सिंह और उसके बेटे का हाथ हैं।

तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात

आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई इस घटना की बड़ी वजह सामने आई है। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंच कर घटना की जांच करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना मिलते ही हथगांव, सुल्तानपुर घोष व हुसेनगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं नामजद तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सहारनपुर में फाइनेंस कर्मी की लूट के बाद हत्या

सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी की लूट के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार फाइनेंस कर्मी सोमवार देर रात अपने भाई के साथ रुपये से भरा बैग लेकर सहारनपुर की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनसे 5 लाख 92 हजार रुपये लूट लिए लेकिन तभी छीना झपटी में एक बदमाश के चेहरे से नकाब हट गया और फाइनेंस कर्मी ने उसे पहचान लिया, बदमाश का नाम लेते ही उसने फाइनेंस कर्मी को गोली मार दी और चारों बदमाश नगदी लूटकर फरार हो गए।

पुलिस का दावा, जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा

फाइनेंस कर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अभी मृतक का भाई कुछ बता पाने की हालत में नहीं है। इसलिए पहचान नहीं हो पाई है। सुबह दोबारा उससे पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *