होम उप्र न्यूज़ सुलतानपुर डकैती कांड में फरार एक लाख का इनामी मुठभेड़ में ढेर

सुलतानपुर डकैती कांड में फरार एक लाख का इनामी मुठभेड़ में ढेर

0
17

लखनऊ। यूपी के सुलतानपुर में सर्राफा व्यवसाई के यहां हुई करोड़ों की डकैती मामले में फरार चल रहे एक और इनामी बदमाश की एसटीएफ से उन्नाव जिले में मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में वह मारा गया। उसका एक साथी भागने में सफल रहा है, जिसकी तलाश टीम कर रही है। हालांकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आत्म समर्पण को कहा तो टीम पर शुरू कर दी फायरिंग

एसटीएफ से मिली प्रारंभिक जानकारी से यह पता चला है एनकाउंटर में मारे गए बदमाश की पहचान मूलरूप से अमेठी जिले के रहने वाले अनुज प्रताप सिंह के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम डकैती कांड में फरार चल रहे इनामी बदमाशों की तलाश में थी। इसी दौरान अनुज की लोकेशन जनपद उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में स्थित कुलुहागढ़ा गांव में मिली।

एसटीएफ ने उसकी घेराबंदी करते हुए उसे आत्म समर्पण को कहा, लेकिन उसने अपने साथी के साथ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एसटीएफ ने जब कार्रवाई की तो वह गोली लगने से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। वही, उसके फरार साथी की तलाश में टीम जुट गई हैं।

इससे पहले मंगेश यादव को मार गिरा था

अपर पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ एवं कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि उन्नाव में मारे गए इनामी बदमाश अनुज से पूर्व सुल्तानपुर डकैती कांड में इनामी मंगेश यादव को यूपी एसटीएफ की टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इस डकैती कांड में पुलिस और यूपी एसटीएफ में कार्रवाई में अब तक दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है जबकि कई बदमाशों की गिरफ्तारी करते हुए कार्रवाई जारी हैं। बता दें कि 23 सितंबर 2024 को सुल्तानपुर की भारत ज्वैलर्स की दुकान में डकैती हुई थी।