होमउप्र न्यूज़यूपी में 23 अगस्त को शाम एक घंटे के लिए खुलेंगे सभी...

यूपी में 23 अगस्त को शाम एक घंटे के लिए खुलेंगे सभी स्कूल, आदेश जारी

लखनऊ । चंद्रयान-3 मिशन की लाइव कवरेज दिखाने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल 23 अगस्त की शाम को एक घंटे के लिए खोलने का निर्देश जारी किया गया है। यह पहला अवसर होगा जब देर शाम को स्कूल खोले जाएंगे और उसमें बच्चे भी मौजूद रहेंगे। इस संबंध में शासन द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। साथ ही स्कूल में चंद्रयान-3 को लाइव दिखाने के लिए इसकी व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है।

शाम 5 बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा

आदेश के तहत 23 अगस्त को शाम 5:15 बजे से 6:15 बजे तक सरकारी स्कूल खोलने को कहा गया है। इस दौरान शाम 5 बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इसी का लाइव प्रसारण सभी स्कूलों में बच्चों को दिखाया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का भी प्रसारण होगा।यूपी के अपर राज्य परियोजना निदेशक मधुसूदन हुलगी की तरफ से जारी आदेश में प्रदेश के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में स्टूडेंट्स और टीचर्स को विशेष सभा का आयोजन कर इस लाइव टेलीकास्ट में शामिल होने की बात कही गई है। साथ ही सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को पहले से इसके लिए जरूरी तैयारी पूरी करने को कहा गया है।

इससे पहले चंद्रयान-2 मिशन साल 2019 में भेजा गया था

आईएसआरओ ने यह भी कहा कि चंद्रमा की सतह पर उतरने के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बुधवार शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। इससे पहले चंद्रयान-2 मिशन साल 2019 में भेजा गया था। इस अंतरिक्ष यान में आर्बिटर, लैंडर और रोवर शामिल था। लैंडर के अंदर एक रोवर था। लेकिन, ये लैंडर चंद्रमा की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे यह मिशन के ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहा था। इसरो ने 2019 में कहा था कि चंद्रयान-2 मिशन के आर्बिटर का सेवाकाल 7 साल बढ़ गया है।

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments