उप्र न्यूज़

मुजफ्फरनगर मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी अमजद ढेर, एसीपी समेत चार पुलिसकर्मी घायल

मुजफ्फरनगर। लूट, डकैती और हत्या जैसी संगीन वारदातों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमजद को गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ के दौरान एसीपी देहात आदित्य बंसल सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसीपी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली धंस गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था

पुलिस के अनुसार 36 वर्षीय अमजद शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसौली गांव का निवासी था। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह गैंग बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

संयुक्त पुलिस टीम से मुठभेड़

एसपी देहात आदित्य बंसल के नेतृत्व में शाहपुर, बुढ़ाना और तितावी थानों की संयुक्त टीम उसकी तलाश में जुटी थी। गुरुवार सुबह तड़के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, तभी अमजद ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और वह मौके पर ढेर हो गया।दोनों ओर से हुई फायरिंग में एसीपी देहात आदित्य बंसल सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए।

बरामद हुआ असलहा और लूटी मोटरसाइकिल

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अमजद शातिर किस्म का अपराधी था। वह हरियाणा, हरिद्वार, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी संगीन घटनाओं में शामिल रहा था।मौके से पुलिस ने एक 9 एमएम कार्बाइन, एक पिस्टल, कारतूस के खोखे और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button