उप्र न्यूज़देश प्रदेश

भीषण गर्मी और हीट वेव से जनजीवन प्रभावित, तापमान 40–42 डिग्री के पार

कानपुर। कानपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में अप्रैल महीने की भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच अधिकतम तापमान लगातार 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं हैं।

लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे

शहरों से लेकर गांवों तक दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में भी सुबह और शाम के समय ही हलचल दिख रही है, जबकि दोपहर में भीषण गर्मी के कारण सामान्य जनजीवन लगभग ठहर सा गया है।भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ नजर आ रहा है। बढ़ती खपत के कारण ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे कई इलाकों में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या भी सामने आ रही है।

प्रदेश में हीट वेव की स्थिति लगातार बनी हुई

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार प्रदेश में हीट वेव की स्थिति लगातार बनी हुई है और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ गया है। उन्होंने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और शरीर को ढककर रखने की सलाह दी है।

खुजली, सूखापन और एलर्जी के मामले तेजी से बढ़ रहे

वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी गर्मी के खतरों को लेकर सतर्क किया है। डॉक्टरों के मुताबिक इस मौसम में आंखों से जुड़ी समस्याएं जैसे जलन, खुजली, सूखापन और एलर्जी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। तेज धूप, धूल और एसी के अधिक इस्तेमाल से आंखों पर असर पड़ रहा है। ऐसे में सनग्लासेस का इस्तेमाल, आंखों की सफाई और शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है।विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सावधानी नहीं बरती गई तो हीट स्ट्रोक, लो ब्लड प्रेशर और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button