होली पर यूपी में लगातार चार दिन की छुट्टी, सीएम योगी के सख्त निर्देश—वेतन समय से देने के आदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली के मौके पर सरकारी कर्मचारियों के लिए लगातार चार दिन की छुट्टी रहेगी। राज्य सरकार ने 3 मार्च को भी अवकाश घोषित कर दिया है। इससे पहले 2 और 4 मार्च को छुट्टी तय थी, जबकि 1 मार्च रविवार पड़ने से कर्मचारियों को लगातार चार दिन का अवकाश मिलेगा। इसके बदले 28 फरवरी (शनिवार) को कार्य दिवस घोषित किया गया है और सभी कार्यालय खुले रहेंगे।
किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने शुक्रवार को सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि होली से पहले सभी कर्मचारियों का वेतन हर हाल में जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदाकर्मी और सफाईकर्मियों का भुगतान भी समय से सुनिश्चित किया जाए। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वेतन भुगतान पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने वित्त एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वेतन वितरण में किसी भी तरह की देरी न हो। त्योहार के मद्देनज़र कर्मचारियों को समय से भुगतान मिलना जरूरी है, ताकि वे परिवार के साथ त्योहार शांति और उत्साह से मना सकें।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
सीएम ने प्रदेश में होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के भी सख्त निर्देश दिए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सतर्क निगरानी रखने और अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
होलिका दहन और रंगोत्सव की तिथि
धर्माचार्यों के अनुसार इस वर्ष 3 मार्च को चंद्र ग्रहण के कारण 2 मार्च को होलिका दहन होगा, जबकि 4 मार्च को रंग खेला जाएगा। इसी के मद्देनज़र अवकाश की तिथियों में बदलाव किया गया है।सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों में उत्साह है, वहीं प्रशासन ने भी त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं।




