यूपी SI भर्ती परीक्षा 2026: आज से सिटी स्लिप जारी, 14–15 मार्च को होगी परीक्षा

लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शहर/जिले की अग्रिम जानकारी (District/City Information Slip) जारी करने की घोषणा की है।
uppbpb.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे
भर्ती बोर्ड के अनुसार अभ्यर्थी 6 मार्च 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपने परीक्षा शहर या जिले की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन करना होगा, जिसके बाद वे District/City Information Slip डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह स्लिप केवल परीक्षा शहर की अग्रिम जानकारी देने के उद्देश्य से जारी की जा रही है। इसे एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक
इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि अभ्यर्थियों को पहले से यह पता चल सके कि उनकी परीक्षा किस जिले में आयोजित होगी, जिससे वे समय रहते अपनी यात्रा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कर सकें।भर्ती बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उप निरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से तीन दिन पहले जारी किए जाएंगे
बोर्ड के मुताबिक प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से तीन दिन पहले जारी किए जाएंगे। 14 मार्च को होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 11 मार्च 2026 को और 15 मार्च की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 12 मार्च 2026 को जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।भर्ती बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और समय-समय पर जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।




