उप्र न्यूज़देश प्रदेश

कानपुर में ट्रिपल डेथ से सनसनी: रिटायर्ड फौजी ने पत्नी-बेटे को मारी गोली, फिर ट्रेन से कटकर दी जान

कानपुर। यूपी के कानपुर शहर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तुलसियापुर नई बस्ती में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी ही लाइसेंसी दोनाली बंदूक से पत्नी और 16 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह करीब दो किलोमीटर दूर भाऊपुर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए

मृतक की पहचान चेतराम कुमार (52) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह घर के अंदर पहले पत्नी सुनीता (40) और फिर बेटे दीप (16) को गोली मारी गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि अंदर इतना बड़ा खून-खराबा हो चुका है।वारदात को अंजाम देने के बाद चेतराम ने घर के मेन गेट पर बाहर से ताला लगाया और सीधे रेलवे ट्रैक की ओर निकल गया। कुछ ही देर बाद कठोगर गांव के पास भाऊपुर रेलवे ट्रैक पर उसका शव ट्रेन से कटा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त के लिए घर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया — मां-बेटे के शव खून से लथपथ पड़े थे।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मौके पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।इस सनसनीखेज ट्रिपल डेथ केस के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। आखिर ऐसी क्या वजह रही कि एक पिता ने इतना खौफनाक कदम उठाया? पुलिस अब इसी सवाल का जवाब तलाशने में जुटी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button