उप्र न्यूज़

योगी कैबिनेट ने बलिया के बैरिया में आईएसबीटी को दी मंजूरी

संजीव सिंह, बलिया। योगी सरकार ने जिले को आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल) की सौगात दी है। दयाशंकर सिंह के जिले से विधायक बनने के बाद से ही लोग इसकी आस लगाए थे। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार आईएसबीटी का निर्माण बिहार के सटे बैरिया में होगा। इसको लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने खुशी जताई है।

परिवहन विभाग को निशुल्क भूमि देने का निर्णय लिया गया

परिवहन मंत्री ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में कैबिनेट की बैठक में बलिया के बैरिया में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल की स्थापना के लिए परिवहन विभाग को निशुल्क भूमि देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आईएसबीटी के लिए भूमि मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब बलिया में आईएसबीटी बन जाने से यहां से बिहार, बंगाल व अन्य प्रदेशों के लिए बसों का संचालन सुविधाजनक रूप से हो सकेगा।

प्रस्ताव पर अनुमोदन मिलने पर भी सीएम का आभार जताया

उन्होंने कैबिनेट की बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को तीन हजार डीजल बसें खरीदने के लिए एक हजार करोड़ रुपए व्यय के प्रस्ताव पर अनुमोदन मिलने पर भी मुख्यमंत्री का आभार जताया है। परिवहन मंत्री के अनुसार तीन हजार और नई बसें आ जाने से प्रदेश के विभिन्न स्थान बस सेवा द्वारा और बेहतर रूप से जुड़ेंगे तथा यात्रियों को सफर करने में और अधिक आसानी होगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने तेज प्रताप यादव को दिलाई शपथ

उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार को करहल सीट से नवनिर्वाचित विधायक तेज प्रताप यादव को विधान सभा सदस्यता की शपथ दिलाई। तेज प्रताप यादव ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर उपचुनाव में जीत दर्ज की है। शपथ लेने के बाद तेज प्रताप यादव विधानसभा की कार्यवाही में पहली बार शामिल हुए हैं। यूपी विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज योगी सरकार वित्तीय वर्ष 2024-25 का दूसरा अनुपूरक बजट विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश करेगी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश करेंगे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button