उप्र न्यूज़देश प्रदेश

मेरठ में खौफनाक वारदात: घर में सो रहे बीएसएफ जवान को मारी गोली, 12 घंटे बाद खुला राज

मेरठ। यूपी में मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 36 वर्षीय बीएसएफ जवान नैन सिंह का शव उनके घर के कमरे में खून से लथपथ मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उनके सिर में .315 बोर की गोली मारी गई है।

घटना के समय घर में बेहद सीमित लोग मौजूद थे। छोटे भाई की पत्नी प्रियंका अपने दो बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी। प्रियंका के अनुसार देर रात करीब दो बजे उसे किसी बक्से के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन बाहर देखने पर कुछ संदिग्ध नहीं दिखा, जिसके बाद वह वापस सो गई।

परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे

परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। पिता गरीब सिंह खेत पर काम करने गए थे, मां रिश्तेदारी में गई थीं, जबकि भाई ड्यूटी और मजदूरी के सिलसिले में बाहर थे। नैन सिंह की पत्नी कोमल भी पिछले दो वर्षों से विवाद के चलते अलग रह रही थी। दोनों बच्चे हाल ही में अपने नाना के घर भेजे गए थे।घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार दोपहर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद बच्चों को बुलाकर कमरे में देखा गया तो नैन सिंह का शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि करीब 12 घंटे तक शव कमरे में ही पड़ा रहा।

पुलिस जांच में जमीन विवाद की पुरानी रंजिश सामने आ रही

पुलिस जांच में जमीन विवाद की पुरानी रंजिश सामने आ रही है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी से रास्ते को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था और हाल ही में होली के दौरान झगड़ा और फायरिंग तक हुई थी। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष ने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी।

पिता ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की शिकायतों पर कार्रवाई होती तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल समेत अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।सीओ सदर देहात के अनुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button