उप्र न्यूज़

तीन दिन में 34 एमएम बारिश, 15 फीसदी फसलें बर्बाद

भदोही। बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। शनिवार के बाद रविवार को देर रात तक बारिश होती रही। सोमवार को भी सुबह छिटपुट बारिश हुई। औराई के दर्जनों गांवों में ओले भी गिरे हैं। इससे खड़ी फसल चौपट हो गई है। कृषि विभाग के अनुसार, जिले में 15 फीसदी फसलें बर्बाद हो गई हैं। तीन दिनों में 32 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।

तीन सदस्यीय टीम का गठन

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है। किसानों की शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है।जिले में तीन दिनों से मौसम खराब है। शनिवार की तेज बारिश के बाद रविवार की शाम ओले पड़े और देर रात तक होती रही। बारिश ने किसानों की फसल को चौपट कर दिया है। गेहूं और सरसों की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। चना, मटर के अलावा मूंग, उड़द की खेती करने वाले किसानों को भी आघात लगा है। आम के बौर भी गिर गए।

बारिश से सैकड़ों किसानों की फसल चौपट

जिले में शनिवार को लगभग पौने दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। जिन किसानों ने गेहूं की फसल को चौथी बार पानी दिया था, उनकी फसल को ज्यादा नुकसान होगा। हाल सरसों का भी है। रही सही कसर रविवार की शाम आंधी चलने के साथ ओले गिरने और लगभग छह से सात घंटे की बारिश ने पूरी कर दी। इससे फसल और बर्बाद हो गई। हालांकि ओलों का असर औराई ब्लॉक के दर्जन भर गांवों में ही रहा। जिले के ज्ञानपुर, औराई, भदोही, डीघ, अभोली, सुरियावां ब्लॉक के सैकड़ों किसान फसल चौपट होने के बाद सिर पर हाथ रखे बैठे हैं। इसमें कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की है। कई ऐसे भी थे, जिनकी फसलों की बोआई, जोताई सहित अन्य का मजदूरों का पैसा बाकी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button