इंदिरानगर में मेडिकल गोदाम में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने काबू पाया

एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । इंदिरानगर के सेक्टर-8, स्माइलगंज, फैजाबाद रोड पर स्थित एक मकान के प्रथम तल पर बने मेडिकल गोदाम/ऑफिस में शनिवार सुबह आग लग गई। फायर स्टेशन इंदिरानगर के कंट्रोल रूम को सुबह 11:34 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल दो फायर टेंडर एफएसओ के नेतृत्व में मौके पर रवाना किए गए।
मलबे को हटाकर भीतर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की
मौके पर पहुंचकर पाया गया कि प्रथम तल पर भयानक आग धधक रही थी। एफएसओ के निर्देशन में हौजपाइप व हौजरील लगाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। कुछ समय बाद जब तापमान कम हुआ तो मलबे को हटाकर भीतर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। राहत की बात यह रही कि भूतल पर स्थित स्टोर में आग नहीं फैली।
इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई
कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को पूरी तरह बुझा दिया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।भवन स्वामी दीपक मिश्रा पुत्र स्व. भानु प्रताप मिश्रा बताए गए हैं। मकान दो मंजिला है, जिसके भूतल पर Blinkit का गोदाम है और प्रथम तल पर किराए पर रह रहे अभय सिंह पटेल का दवाइयों का स्टोर था। प्रथम तल पर बना यह मेडिकल स्टोर आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।




