उप्र न्यूज़देश प्रदेश

विधानसभा के सामने महिला सिपाही का चेहरा चाइनीज मांझे से कटा, अस्पताल लेकर भागीं पुलिस

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला विधानसभा के सामने का है, शुक्रवार को ड्यूटी से लौट रही एक महिला सिपाही का चेहरा चाइनीज मांझे से बुरी तरह कट गया। घायल महिला सिपाही को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार मिलने के बाद महिला कांस्टेबल सकुशल अपने घर चली गई।

महिला आरक्षी के ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा

हादसा तब हुआ जब महिला आरक्षी ड्यूटी से लौट रही थी। विधानसभा के सामने अचानक चाइनीज मांझा चेहरे पर आकर लगा, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया। महिला सिपाही की सहयोगी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।

हजरतगंज प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने तुरंत सहायता के लिए पुलिस बल भेजा और घायल सिपाही को सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला सिपाही को सकुशल रवाना कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से गंभीर चोटों से बचाव हो सका। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से की जा रही बिक्री

लखनऊ में चाइनीज मांझा प्रतिबंधित है, बावजूद इसके यह खुलेआम बिक रहा है। पुलिस की सख्ती के बावजूद कई दुकानदार चोरी-छिपे इसका व्यापार कर रहे हैं। इस घटना से राजधानी में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जबकि बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई लोग चाइनीज मांझे का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद भी इस तरफ तनिक भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते चाइनीज मांझे से हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है।

पुलिस की अपील, चाइनीज मांझा बेचने वालों के बारे में दें जानकारी

विशेषज्ञों का कहना है कि चाइनीज मांझा न सिर्फ लोगों की जान के लिए खतरा है, बल्कि इसे उड़ाने वाले भी खुद जोखिम में रहते हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और इसे बेचने या खरीदने वालों की जानकारी पुलिस को दें। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा है कि इस तरह के हादसों को रोकने के लिए कड़ी निगरानी की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button