उप्र न्यूज़देश प्रदेश

यूपी पावर कारपोरेशन की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर कई अधिकारियों पर गिरी गाज

एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । प्रदेश की बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए यूपी पावर कारपोरेशन ने सख्त रुख अपनाया है। पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित एसएलडीसी सभागार में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के 19 जिलों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान और बिजली आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धीमी प्रगति पर इन अधिकारियों को दी गई चेतावनी

बैठक में अधीक्षण अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित समय और मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए 1912 कॉल सेंटर की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए अधीक्षण अभियंता स्तर से ऊपर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा।

डॉ. गोयल ने गोला, लखीमपुर, बहराइच, सुल्तानपुर और सीतापुर के अधीक्षण अभियंताओं पर कार्यवाही करने और ईडीडी बल्दी राय के अधिशासी अभियंता को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर, पीलीभीत और गोला की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि सुधार न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया जाएगा।

बिना कार्य करने वाले अधिकारियों को बर्खास्त किया जाएगा

विद्युत दुर्घटनाओं पर सख्त रवैया अपनाते हुए अध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा उपकरणों के बिना कार्य करने वाले अधिकारियों को बर्खास्त किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं और औद्योगिक फीडरों के लिए अलग-अलग ग्रुप बनाए जाएं, जिससे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।राजधानी लखनऊ की व्यवस्था को लेकर उन्होंने लेसा को ट्रिपिंग मुक्त आपूर्ति, बिलिंग में शत-प्रतिशत पारदर्शिता और राजस्व वसूली में सुधार करने के निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंताओं ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति पर प्रजेंटेशन दिया, जबकि प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने भी अधिकारियों को संबोधित किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button