उप्र न्यूज़

नकल पर सख्ती के साए में शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा, 53 लाख से ज्यादा छात्र मैदान में

लखनऊउत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से पूरे प्रदेश में शुरू हो गईं। पहले दिन माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जियामऊ स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचकर छात्र-छात्राओं का पुष्प भेंट कर स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

वर्तमान सरकार में नकल की कल्पना भी नहीं की जा सकती

मंत्री ने कहा कि पहले नकल माफिया सक्रिय रहते थे, लेकिन वर्तमान सरकार में नकल की कल्पना भी नहीं की जा सकती। यदि कहीं अनियमितता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे देश का भविष्य हैं और बिना किसी तनाव के परीक्षा दें।इस दौरान परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। छात्राओं को टीका लगाकर और पेड़ा खिलाकर उनका हौसला बढ़ाया गया।

परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित होंगी

माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव के अनुसार, वर्ष 2026 की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित होंगी। प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक आयोजित की जा रही है, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक होगी।

प्रदेश भर में 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए

प्रदेश भर में 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3,453 सहायता प्राप्त और 3,984 निजी विद्यालय शामिल हैं। कुल 53,37,778 परीक्षार्थी इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।राज्य कंट्रोल रूम प्रभारी संयुक्त शिक्षा निदेशक विवेक नौटियाल के अनुसार, लखनऊ स्थित हाईटेक कंट्रोल रूम से 75 जिलों के सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव ऑनलाइन मॉनिटरिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button