होम उप्र न्यूज़ शहीद का शव लेकर लौट रही एंबुलेंस भीषण हादसे का शिकार, भाई-पुत्र...

शहीद का शव लेकर लौट रही एंबुलेंस भीषण हादसे का शिकार, भाई-पुत्र समेत चार की मौत

0
35

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही सेना की एंबुलेंस हलियापुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में शहीद के भाई, पुत्र और भतीजे समेत चार लोगों की मौत हो गई।

यह हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किलोमीटर पर रविवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े अज्ञात ट्रक/वाहन से जा टकराई।

शहीद का शव लेकर घर लौट रहे थे परिजन

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, सूबेदार मेजर सत्यवान, निवासी गलिया दुधैला, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया का चंडीगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से चंडीगढ़ से देवरिया लेकर जा रहे थे।

एंबुलेंस में शहीद के भाई राजन चौधरी पुत्र भूपति सिंह, भतीजे राम समुझ पुत्र जयसिंह, पुत्र गौरव सिंह पुत्र सत्यवान और चालक जसपाल सवार थे।

हादसे में गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की जान चली गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस को हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली। जानकारी मिलते ही हलियापुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक मृतक देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सूबेदार मेजर सत्यवान का चंडीगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनकी मृत्यु हुई थी। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से देवरिया ले जाया जा रहा था। वाहन में शहीद के तीन परिजन और चालक मौजूद थे। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की सद्गति के लिए प्रार्थना की।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर