होम देश प्रदेश सारण में दो गुटों के बीच खूनी झड़प, चाकूबाजी में तीन युवकों...

सारण में दो गुटों के बीच खूनी झड़प, चाकूबाजी में तीन युवकों की मौत

0
28

एकमा के परसा मोड़ पर देर रात खूनी संघर्ष, एक युवक गंभीर; इलाके में पुलिस बल तैनात

सारण। बिहार के सारण जिले में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एकमा थाना क्षेत्र में परसा मोड़ के पास हुई मारपीट और चाकूबाजी में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात एकमा थाना क्षेत्र के पछुआ गांव और परसागढ़ बाजार के बीच स्थित परसा मोड़ के पास हुई। मृतकों की पहचान पछुआ गांव निवासी रमेश कुमार यादव (35), मुकेश यादव (25) और छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर कुमार उर्फ धोनी (22) के रूप में हुई है। अंकुर अपने रिश्तेदार के घर पछुआ गांव आया हुआ था। घटना में पछुआ गांव निवासी विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है।

शाम के विवाद के बाद देर रात फिर भिड़े गुट

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार शाम मुख्य सड़क पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन देर रात दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते चाकूबाजी होने लगी।

इस हमले में अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को उपचार के लिए एकमा के निजी नर्सिंग होम ले जाया गया।

इलाज के दौरान दो और युवकों ने दम तोड़ा

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। बताया गया कि निजी नर्सिंग होम में भी दोनों पक्षों के बीच दोबारा झड़प और चाकूबाजी हुई। इसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया।

सदर अस्पताल में उपचार के दौरान रमेश कुमार यादव और मुकेश यादव की मौत हो गई। वहीं विवेक कुमार की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

वर्चस्व के विवाद की आशंका

एकमा थाना प्रभारी राम बालक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दो युवाओं के गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुए विवाद का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एकमा सदर-2 के एसडीपीओ भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, घटना में एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हुई है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर