होम उप्र न्यूज़ अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा प्रहार: ‘सत्ता के अहंकार में सनातन...

अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा प्रहार: ‘सत्ता के अहंकार में सनातन समाज और शंकराचार्य का अपमान कर रही BJP

0
13

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा सरकार सनातन समाज की आस्था, सम्मान और पूज्य संतों की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचा रही है। शंकराचार्य के कथित अपमान का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सनातन समाज अपने मान-सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा के इस ‘पद के मद’ को पूरी तरह चूर-चूर कर देगा।

‘लाखों-करोड़ों सनातनियों की आस्था पर शाब्दिक प्रहार’

मंगलवार को जारी अपने एक आधिकारिक बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि सार्वजनिक मंच से करोड़ों सनातनियों के पूजनीय और आस्था के प्रतीक के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा, “इस घटना से यह साफ उजागर हो गया है कि सत्ता के घमंड ने सत्ताधीशों की बुद्धि को पूरी तरह भ्रष्ट कर दिया है। आज से पहले सनातन समाज का इस तरह सरेआम अपमान कभी नहीं हुआ। समाज का हर धर्मनिष्ठ और विचारशील व्यक्ति बेइज्जती के इस घूंट को पीने पर मजबूर है और गहरे दुख में है।”

सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा का अंधसमर्थन करने वाले लोग भी आज इस शर्मनाक टिप्पणी से लज्जित हैं। यह बयान पूरे समाज के स्वाभिमान और गरिमा पर सीधा हमला है, जिसका माकूल जवाब जनता समय आने पर जरूर देगी।

‘जाते-जाते खेल बिगाड़ने में जुटे सत्ताधीश’

भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के सत्ताधीशों को अपनी आसन्न हार का स्पष्ट अहसास हो चुका है।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “पुरानी कहावत है कि जो व्यक्ति खुद नहीं खा पाता, वह सब कुछ फैलाकर बर्बाद कर देता है। ठीक यही स्थिति इस सरकार की है। हार के डर से बौखलाए सत्ताधीश अब दूसरों की संभावनाओं को भी खत्म करने की कुत्सित कोशिश कर रहे हैं।”

‘दंभ के दिन लदे, शंकराचार्य के अपमान की मिलेगी सजा’

सपा प्रमुख ने सरकार के वर्चस्ववादी रवैये पर निशाना साधते हुए कहा कि नितांत एकाकी और घोर वर्चस्ववादी मानसिकता वाले लोग अपने सिवा किसी को कुछ नहीं समझते।

अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अब दंभ और घमंड के दिन पूरी तरह लद चुके हैं। इस शासनकाल में पूजनीय शंकराचार्य जी का लगातार अपमान किया जा रहा है। संतों और सनातन परंपरा के साथ किए जा रहे इस अमर्यादित व्यवहार की भारी सजा भारतीय जनता पार्टी को भुगतनी पड़ेगी।”

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर