होम उप्र न्यूज़ बांदा में केन नदी पुल पर महिला ने बच्चों संग उठाया आत्मघाती...

बांदा में केन नदी पुल पर महिला ने बच्चों संग उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस ने पांचों को बचाया

0
30

चार बच्चों के साथ नदी की ओर जा रही थी महिला, यातायात पुलिसकर्मियों ने समय रहते किया हस्तक्षेप; कोतवाली नगर पुलिस को सौंपा

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में केन नदी पुल पर रविवार को एक महिला अपने चार बच्चों के साथ आत्महत्या करने के इरादे से नदी की ओर जाने लगी। इसी दौरान मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों की नजर उन पर पड़ गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महिला और उसके चारों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से पांच जिंदगियां सुरक्षित बच गईं। बाद में महिला और बच्चों को समझाकर कोतवाली नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की पड़ी नजर

प्रभारी निरीक्षक यातायात महेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, रविवार को वह अपनी टीम के साथ शहर में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान केन नदी पुल पर एक महिला अपने चार बच्चों के साथ दिखाई दी। महिला की गतिविधियों और स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

प्रभारी यातायात महेंद्र प्रताप सिंह ने अपने हमराह, चालक और मौके पर मौजूद आरक्षी पवन कुशवाहा के साथ मिलकर महिला और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें नदी की ओर जाने से रोका और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।

महिला को समझाकर कोतवाली पुलिस को सौंपा

महिला और बच्चों को सुरक्षित बचाने के बाद पुलिसकर्मियों ने महिला को धैर्यपूर्वक समझाया और पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद महिला और उसके चारों बच्चों को सुरक्षित रूप से कोतवाली नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक यातायात महेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी यातायात कृष्ण प्रताप, आरक्षी यातायात सरवर आलम, आरक्षी यातायात आशुतोष राजपूत और आरक्षी पवन कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।यातायात पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते महिला और उसके चारों बच्चों को सुरक्षित बचाया जा सका

बांदा में दर्दनाक हादसे: नाले में डूबकर किशोरी की मौत, 36 घंटे बाद मिला 13 वर्षीय किशोर का शव

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाले में डूबने से किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई। मटौंध क्षेत्र में दुकान से सामान लेकर घर लौट रही 17 वर्षीय किशोरी पैर फिसलने से गहरे नाले में जा गिरी, जबकि कालिंजर क्षेत्र में भैंस लेकर खेत गए 13 वर्षीय किशोर का शव करीब 36 घंटे बाद बरामद हुआ। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया।

नाले में गिरने से किशोरी की मौत

मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा गुमली गांव निवासी रामनरेश ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय भतीजी पूजा पुत्री बिनोद रविवार दोपहर दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे नाले में जा गिरी। पानी में डूबने से वह लापता हो गई।

पूजा को नाले में गिरता देख मौके पर मौजूद प्रियंका और एक अन्य किशोरी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गईं, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी पूजा का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पूजा को नाले से बाहर निकाला गया। परिजन उसे जीवित होने की उम्मीद में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए।

भैंस लेकर खेत गया किशोर नाले में डूबा

दूसरी घटना कालिंजर थाना क्षेत्र के लहौरा गांव की है। यहां रामनारायण का 13 वर्षीय पुत्र शंकर शुक्रवार को भैंस लेकर खेत गया था। शाम करीब चार बजे दुनाई नाला पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

शंकर को डूबता देख उसके साथ मौजूद दो दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद शंकर का कोई सुराग नहीं मिला।

36 घंटे बाद नहर में उतराता मिला शव

लगातार तलाश के बाद रविवार सुबह घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर बसराही गांव के टेढ़ा पुरवा के पास नहर में ग्रामीणों ने एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शंकर के रूप में की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शंकर दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से मां फूलकुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।कालिंजर थाना प्रभारी दारा सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर