कानपुर। जनपद में रावतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत के मामले में रविवार को मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने स्कूल के गेट पर शव रखकर विरोध किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्कूल प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता के बाद समझौता हो गया।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर डबल पुलिया स्थित कानपुर पब्लिक स्कूल के गेट पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग करने लगे। उनके साथ सौ से अधिक लोग भी मौजूद रहे। कई घंटे तक स्कूल के अंदर प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत चलती रही। लंबे इंतजार के बाद परिजन भड़क गए और स्कूल के बाहर हंगामा करने के साथ पुलिस से भी उलझ गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। वार्ता के बाद स्कूल प्रबंधक की ओर से दोनों पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और परिवार के बच्चों को कक्षा 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया है। समझौते से संतुष्ट होकर परिजन शवों को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए हैं। मौके पर शांति बनी हुई है और कानून-व्यवस्था सामान्य है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









