होम देश प्रदेश केवडिया में 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड, यामी और कार्तिक समेत कई सितारे...

केवडिया में 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड, यामी और कार्तिक समेत कई सितारे सम्मानित

0
26

केवडिया में राष्ट्रपति मुर्मु ने बांटे पुरस्कार, अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड

एकता नगर । गुजरात के केवडिया स्थित एकता नगर में मंगलवार को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस समारोह में अभिनेत्री यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अभिनेता कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान कई कलाकारों, निर्देशकों, गीतकारों और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

कार्तिक आर्यन राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के लिए अपने माता-पिता के साथ पहुंचे थे, जबकि यामी गौतम अपने पति और फिल्म निर्माता आदित्य धर के साथ समारोह में शामिल हुईं। पुरस्कार मिलने के बाद दोनों कलाकारों ने इसे अपने लिए गर्व और सम्मान का ऐतिहासिक पल बताया।

‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार

हिंदी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। फिल्म के निर्माता आदित्य धर ने यह सम्मान प्राप्त किया। इसी तरह हिंदी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए अभिनेता रणदीप हुड्डा को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का पुरस्कार मिला।

तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म, जो संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करती है, की श्रेणी में पुरस्कार दिया गया। फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन ने किया है।

निर्देशक आनंद एल राय को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एकता का प्रतीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन (नॉन-फीचर) का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। तेलुगु फिल्म ‘कमेटी कुर्रोलु’ को सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।

ममूटी और कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान

मलयालम फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए दिग्गज अभिनेता ममूटी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। उन्होंने यह सम्मान कार्तिक आर्यन के साथ साझा किया। हिंदी फिल्म ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।

दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में उनके लंबे योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गीतकार मनोज मुंतशिर को फिल्म ‘मैदान’ के गीत ‘जाने दो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला।

फिल्म ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आज की रात’ के लिए विजय गांगुली को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस गाने में अभिनेत्री तमन्ना भाटिया नजर आई थीं।

डॉक्यूमेंट्री, संपादन और क्षेत्रीय फिल्मों को भी सम्मान

छत्तीसगढ़ के रामनामी समुदाय पर आधारित ‘राम नामी’ डॉक्यूमेंट्री को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का पुरस्कार मिला। फिल्म ‘मैं निदा’ को सर्वश्रेष्ठ कला एवं सांस्कृतिक फिल्म का सम्मान दिया गया।

हिंदी फिल्म ‘एनडीए’ के लिए मनवीर जसरोतिया को सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार मिला। अंग्रेजी फिल्म ‘लिटिल प्लैनेट: ए टेल ऑफ फ्रॉग्स’ के लिए सौंदर्या जयचंद्रन को सर्वश्रेष्ठ वॉयस ओवर का पुरस्कार दिया गया। संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का पुरस्कार मिला।

फिल्म ‘ढोली’ के लिए निर्देशक दिनेश पुंडलिक भोंसले को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का रजत कमल प्रदान किया गया। तमिल फिल्म ‘रायन’ को सर्वश्रेष्ठ तमिल फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। इस फिल्म को धनुष ने लिखा और निर्देशित किया है तथा उन्होंने इसमें अभिनय भी किया है।

बाल कलाकारों और प्लेबैक सिंगर को भी सम्मान

सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार की श्रेणी में कन्नड़ फिल्म ‘मिथ्या’ के लिए अथिश एस. शेट्टी, तेलुगु फिल्म ‘35 चिन्ना कथा काडु’ के लिए अरुंदेव पोथुला और बंगाली फिल्म ‘ओंको की कोठिन’ के लिए रिद्धिमान बनर्जी, तापोमय देब और गीताश्री चक्रवर्ती को पुरस्कार मिला।

मलयालम फिल्म ‘एआरएम’ के गीत ‘अंगु वाना कोनिलु’ के लिए वैकोम विजयलक्ष्मी को सर्वश्रेष्ठ महिला प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति मुर्मु की फिल्मी कलाकारों से अपील

समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फिल्मी कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का समर्थन नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय फिल्म कलाकारों में देशवासियों, विशेष रूप से युवाओं को प्रभावित करने की बहुत अधिक क्षमता होती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि जब सफल कलाकार अनुशासित जीवनशैली और उसके फायदों के बारे में बताते हैं तो युवा और बच्चे उनका अनुकरण करते हैं। उन्होंने कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक पदार्थों का समर्थन न करने का अनुरोध किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, “स्टार वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं।”

दिल्ली से बाहर समारोह आयोजित करने पर क्या बोले अश्विनी वैष्णव?

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और राष्ट्रीय पुरस्कारों की जूरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जूरी के सदस्यों ने बड़ी संख्या में फिल्में देखकर विस्तृत चर्चा की और पुरस्कारों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिल्ली से बाहर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित किए जाने पर वैष्णव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचना है। इस बार स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के कारण समारोह का आयोजन एकता नगर में किया गया है। उन्होंने कहा कि अगली बार किसी अन्य पर्यटन स्थल को समारोह के लिए चुना जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने सभी राज्यों से अपने प्रमुख पर्यटन स्थलों के नाम भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब फिल्मी सितारे इन स्थानों पर पहुंचेंगे तो संबंधित पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस पहल को राजनीतिक विवाद के रूप में नहीं देखने और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना को आगे बढ़ाने की बात कही।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बताया गर्व का विषय

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एकता नगर में पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित होने को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज का प्रतिबिंब भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत होने की बात कही।

पुरस्कार मिलने के बाद कलाकारों ने जताई खुशी

समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में अभिनेत्री यामी गौतम ने कहा कि वह अभी भी इस पल को महसूस करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गर्व और सम्मान की बात है। ऐतिहासिक स्थान पर यह सम्मान मिलना उनके लिए विशेष अनुभव है।

कार्तिक आर्यन ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस शानदार आयोजन के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं और वह इस सम्मान को लेकर बेहद खुश हैं।

फिल्म ‘मैदान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार पाने वाले मनोज मुंतशिर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की धरती पर सम्मान मिलना उनके लिए दोहरी खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने लोगों से केवडिया आने और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने की अपील की।

प्रसार भारती के चेयरपर्सन प्रसून जोशी ने दिल्ली से बाहर समारोह आयोजित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देश की एकता का प्रतीक है और भविष्य में देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसे समारोह आयोजित होने की उम्मीद है।

गुजराती फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर निर्देशक अभिषेक जैन ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि एक गुजराती फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना और वह भी एकता नगर में सम्मानित होना विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार किसी एक फिल्म उद्योग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा जगत का प्रतिनिधित्व करते हैं।

बाल कलाकार तापोमय देब ने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनका सपना था, जो अब पूरा हो गया है। रिद्धिमान बनर्जी ने भी राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार प्राप्त करने पर खुशी और गर्व व्यक्त किया।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर