लखनऊ के मोहनलालगंज में अज्ञात युवक की हत्या की आशंका, गले पर मिले धारदार हथियार के निशान; हाईवे के सीसीटीवी से खुलेगा राज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब हाईवे किनारे नहर पुलिया के नीचे एक बड़े लकड़ी के बक्से में युवक का शव बरामद हुआ। शव बिस्तर में लिपटा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बक्से को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घटना भावाखेड़ा क्षेत्र की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने नहर पुलिया के नीचे लकड़ी का बक्सा पड़ा देखा। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कहीं और हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक, एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी आर.के. सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीसीपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और उसके शव को लकड़ी के बक्से में रखकर वाहन से यहां लाकर फेंका गया।
पुलिस ने इस आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और सर्विलांस टीमों को मृतक की पहचान कराने तथा मामले का खुलासा करने के लिए लगाया गया है।
फॉरेंसिक जांच में मिले चोट के निशान
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड टीम ने जांच की। प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान युवक के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।
शव की स्थिति को देखते हुए उसके कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृत्यु का सही समय और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
बक्से में मिला मोबाइल नंबर वाला कार्ड
जांच के दौरान पुलिस को लकड़ी के बक्से से एक ऐसा विजिटिंग कार्ड मिला, जिस पर हाथ से मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि कार्ड किसी फाइनेंसर का है। पुलिस ने कार्ड को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया है।
पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कार्ड बक्से में कैसे पहुंचा और उसका मृतक या घटना से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल इस संबंध में कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
हाईवे के कैमरों से तलाशे जाएंगे संदिग्ध वाहन
शव मिलने वाली जगह के आसपास हाईवे की पटरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल से करीब 200 से 300 मीटर के दायरे में लगे कैमरों के जरिए उन वाहनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा, जो नहर या माइनर की ओर मुड़े होंगे।
पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से संदिग्ध वाहन की पहचान करने में मदद मिल सकती है। इसके बाद शव को यहां लाने की परिस्थितियों और मृतक की पहचान से जुड़े सुराग मिलने की संभावना है।

थाना सीमा को लेकर कुछ देर बना रहा असमंजस
ग्रामीणों ने सबसे पहले घटना की सूचना निगोहां पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची निगोहां पुलिस ने घटनास्थल को मोहनलालगंज थाना क्षेत्र का बताया। इसके बाद कनकहा चौकी प्रभारी और मोहनलालगंज थाने की टीम मौके पर पहुंची।
थाना सीमा को लेकर कुछ समय तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। बाद में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता मृतक की पहचान करना है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और बक्से से मिले कार्ड के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय









