लखनऊ। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब 150 सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन पड़ताल के बाद पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक पीजीआई सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया।
मुंडन संस्कार में गया परिवार, पीछे से साफ कर दिया घर
पुलिस के मुताबिक, न्यू ग्रीन सिटी कॉलोनी, हैबतमऊ मवैया निवासी कविता यादव अपने परिवार के साथ 8 जुलाई को छोटे बेटे के मुंडन संस्कार के लिए विंध्याचल (मिर्जापुर) गई थीं। 10 जुलाई को जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान गायब था। पीड़िता की तहरीर पर पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तीन टीमें बनीं, 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) ने खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया और कई स्थानों पर लगातार दबिश दी।
जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर मंगलवार को कालिंदी पार्क की ओर जाने वाली नहर किनारे सुनसान सड़क से अर्जुन रावत, सुदैफ अली उर्फ समर, विनय कुमार और दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद हुए।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। जब यह सुनिश्चित हो जाता था कि घर में कोई नहीं है, तब सुनियोजित तरीके से ताला तोड़कर घर में घुसते और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद सभी सामान आपस में बांट लेते और पुलिस से बचने के लिए दूसरे जिलों या राज्यों में चले जाते थे।
20 लाख से अधिक के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कंगन, दो हार, पांच अंगूठियां, मंगलसूत्र, लॉकेट, नथ, झुमके, गुरिया, करधन, बिछिया, पाजेब, पायल, चेन और कड़े समेत 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार चारों आरोपी पहले भी चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव और सीतापुर सहित कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोतरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
यह भी पढ़े : लखनऊ को मिलेगा ट्रैफिक से बड़ा राहत! शहीद पथ पर बनेगा 23 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर
यह भी पढ़े :बांग्लादेश में जलप्रलय! बाढ़-भूस्खलन से 51 मौतें, 10 लाख से ज्यादा लोग संकट में
