लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद नागरिक के साथ खड़ी है और किसी भी पात्र व्यक्ति के इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान तय समयसीमा के भीतर कराया जाए और कार्रवाई के बाद संबंधित पीड़ित से संपर्क कर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर अपने घर जाएं, सरकार प्रत्येक मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करेगी।
कार्यक्रम में बरेली से पहुंची एक महिला ने अपने कैंसर पीड़ित परिजन के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने महिला से अस्पताल का उपचार अनुमान (एस्टिमेट) उपलब्ध कराने को कहा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीज को शीघ्र अस्पताल में भर्ती कराकर समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जरूरतमंद के इलाज की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी और किसी भी गरीब परिवार को इलाज के अभाव में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

जनता दर्शन में राजस्व विभाग से जुड़े कई मामले भी सामने आए। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विवादों का समयबद्ध निस्तारण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि देरी का सबसे अधिक नुकसान गरीब और जरूरतमंद लोगों को उठाना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने राजस्व अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय में उपस्थित होकर लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिक को समय पर न्याय दिलाना है और सभी अधिकारी इसी भावना के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि राज्य सरकार जनहित सर्वोपरि मानकर कार्य कर रही है। जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान कराया जा रहा है, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या