एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 806.84 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब 4.04 करोड़

लखनऊ । उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) यूनिट लखनऊ ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 6 सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 806.84 किलोग्राम अवैध गांजा (Cannabis) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2 आईफोन, 1 सियाज कार, 1 डीसीएम ट्रक और 6,040 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र में मु0अ0सं0 525/2026 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था एवं अपराध) तथा पुलिस महानिरीक्षक ANTF के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। लखनऊ ANTF यूनिट को एक गोपनीय सूचना मिली थी कि एक संगठित गिरोह भारी मात्रा में गांजा की सप्लाई और तस्करी में संलिप्त है।सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने निगरानी और रणनीति बनाकर कार्रवाई की और सभी आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है—
अंकित सिंह, निवासी तेरयें, थाना लम्भुआ, सुल्तानपुर (उम्र 30 वर्ष)
रोहित कुमार सिंह, निवासी तेरयें, थाना लम्भुआ, सुल्तानपुर (उम्र 35 वर्ष)
सोहित सिंह, निवासी बरुवा सकरवारी, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर (उम्र 23 वर्ष)
देवेंद्र सिंह, निवासी मीरपुर सरैया, थाना मोतीगरपुर, सुल्तानपुर (उम्र 41 वर्ष)
सिद्धार्थ सिंह, निवासी जासापारा, थाना गोसाईगंज, सुल्तानपुर (उम्र 23 वर्ष)
सूरज कुमार, निवासी भीमी, थाना अमेठी (उम्र 29 वर्ष)
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर एक व्यक्ति (जो सीतापुर में रहता है) के माध्यम से आगे सप्लाई करते थे। इसके बाद यह माल लखनऊ सहित आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
आरोपी इस अवैध कारोबार से प्राप्त मुनाफे को आपस में बांटते थे और इसे अपने परिवार के भरण-पोषण का साधन बताते थे। पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
पुलिस का बयान
ANTF ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे संगठित गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड




