लखनऊ। यूपी में जौनपुर के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शादी के दिन दूल्हे आजाद बिंद की हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई जबरदस्त गोलीबारी में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह घायल हो गए, जबकि दो पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए।
मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल, अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास सूचना मिली थी कि आरोपी रवि यादव अपने एक साथी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश शुरू कर दी। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसओजी टीम के प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं
मुठभेड़ के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लगी। वहीं खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं, जिससे दोनों की जान बच गई। पुलिस के अनुसार रवि यादव का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।गौरतलब है कि 1 मई को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद अपनी बारात लेकर बीबीपुर गांव जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उसकी कार रुकवाई और गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
दुल्हन के ममेरे भाई ने साथियों के साथ मिलकर की थी वारदात
जांच में खुलासा हुआ कि दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में सात मुख्य आरोपियों को चिन्हित किया था, जिनमें रवि यादव, प्रदीप बिंद और भोले राजभर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब तक इस मामले में 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।घटना के बाद से पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। Delhi, Varanasi, Prayagraj, Sultanpur और नेपाल सीमा तक छापेमारी की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : यूपी में पंचायत चुनाव टले, विधानसभा चुनाव के बाद होगा मतदान
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


