एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । एसएईएल सोलर पावर कंपनी के प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए घूस मांगने के मामले में तत्कालीन इन्वेस्ट यूपी के सीईओ और निलंबित IAS अधिकारी अभिषेक प्रकाश को आरोपी बनाया गया है। यह कदम विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर उठाया है।
20 मार्च 2025 को गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी
सूत्रों के अनुसार, कंपनी के प्रतिनिधि विश्वजीत दास ने 20 मार्च 2025 को गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि यूपी में सोलर सेल और सौर ऊर्जा उपकरणों के प्रोजेक्ट के लिए आवेदन करने पर उन्हें वरिष्ठ अधिकारी के संपर्क में निकांत जैन नामक व्यक्ति भेजा गया। जैन ने प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए 5% रिश्वत की मांग की, और जब रिश्वत देने से इनकार किया गया, तो फाइल रोक दी गई।
तत्कालीन सीईओ अभिषेक प्रकाश को निलंबित
इस मामले में तत्कालीन सीईओ अभिषेक प्रकाश को निलंबित कर दिया गया और निकांत जैन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। बाद में मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई, जिसमें बाराबंकी के एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी और इंस्पेक्टर आलोक राव शामिल थे।जांच में यह सामने आया कि वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर जिस व्यक्ति का जिक्र किया गया, वह अभिषेक प्रकाश थे। कई साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान मिली जानकारी से उनके और निकांत जैन के संपर्क की पुष्टि हुई। इसी आधार पर SIT ने अभिषेक प्रकाश को आरोपी बनाया। उनके खिलाफ विजिलेंस जांच भी चल रही है।
SIT ने आगे की जांच के लिए नियुक्ति विभाग से अनुमति मांगी
SIT ने आगे की जांच के लिए नियुक्ति विभाग से अनुमति मांगी है ताकि अभिषेक प्रकाश का बयान दर्ज किया जा सके। अनुमति मिलने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं, आरोपी निकांत जैन के खिलाफ SIT ने चार्जशीट दाखिल कर दी है और ईडी भी इस मामले की जांच कर रही है। मामले के वादी ने कोर्ट में शपथ पत्र दिया है जिसमें कहा गया कि पहले लगाए गए आरोप गलत थे। हालांकि, जांच प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है और जांच एजेंसियां इस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
यह भी पढ़े : कोरोना की आड़ में ‘धर्म का सौदा’! बंद स्कूल बना धर्मांतरण का अड्डा, विदेशी फंडिंग का शक
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
