अहमदाबाद (गुजरात)। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज दो दिवसीय आधिकारिक भारत दौरे पर रविवार को अहमदाबाद पहुंच गए। इस दौरे को भारत-जर्मनी द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान चांसलर मर्ज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग और अत्याधुनिक तकनीक से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
52,500 करोड़ की पनडुब्बी डील पर लग सकती है मुहर
इस उच्चस्तरीय बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा भारतीय नौसेना के लिए प्रस्तावित छह अत्याधुनिक पनडुब्बियों की खरीद का मेगा डील बताया जा रहा है। करीब 52,500 करोड़ रुपये के इस सौदे पर दोनों देशों के बीच सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि यह समझौता होता है, तो यह भारत-जर्मनी रक्षा साझेदारी के इतिहास में एक बड़ा कदम माना जाएगा।सूत्रों के अनुसार, इस करार के तहत जर्मनी की प्रतिष्ठित रक्षा कंपनी थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स और भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी माझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के बीच रणनीतिक साझेदारी हो सकती है। इस परियोजना से न केवल भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत मजबूत होगी, बल्कि भारत में रक्षा उत्पादन और ‘मेक इन इंडिया’ को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह एशिया का पहला आधिकारिक दौरा
जर्मन चांसलर का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक हालात अस्थिर बने हुए हैं। ऐसे में भारत और जर्मनी दोनों ही रक्षा और सुरक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के इच्छुक हैं। उल्लेखनीय है कि चांसलर बनने के बाद फ्रेडरिक मर्ज का यह एशिया का पहला आधिकारिक दौरा है, जिससे इसकी रणनीतिक अहमियत और बढ़ जाती है।राजनीतिक और रक्षा मामलों के साथ-साथ फ्रेडरिक मर्ज का कार्यक्रम सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ा है।
पीएम मोदी से अहम मुलाकात आज
अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के अलावा वह साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे, जहां महात्मा गांधी के जीवन और विचारों को करीब से समझेंगे। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव और एक कौशल विकास कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, हरित तकनीक, स्टार्टअप सहयोग और औद्योगिक निवेश को लेकर भी ठोस बातचीत होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा भारत-जर्मनी संबंधों को नई दिशा देगा और आने वाले वर्षों में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।
यह भी पढ़े : कोरोना की आड़ में ‘धर्म का सौदा’! बंद स्कूल बना धर्मांतरण का अड्डा, विदेशी फंडिंग का शक
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
