एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर अपना मिजाज बदलने जा रहा है। सोमवार से प्रदेश पर असर डाल रहा विक्षोभ कमजोर पड़ जाएगा, जिसके बाद पहाड़ी इलाकों से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं मैदानों की ओर बढ़ेंगी। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर बढ़ेगा।
दो दिनों में धूप के कारण बढ़ा तापमान
रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन यही राहत अब जल्द खत्म होने वाली है। बीते दो दिनों में दिन की धूप के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। साथ ही कोहरे की चादर भी कुछ हल्की पड़ी थी।मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनने के प्रबल आसार हैं। आने वाले तीन दिनों के भीतर दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे गलन बढ़ेगी।
15 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
वहीं तराई और उससे सटे इलाकों में कोहरे का प्रकोप जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने तराई के 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के 23 अन्य जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की चेतावनी दी गई है।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार से विक्षोभ के प्रभाव के समाप्त होते ही हवाओं की दिशा उत्तरी-पश्चिमी हो जाएगी। इससे पश्चिमी यूपी में ठंड और गलन और तेज हो सकती है। दिन में धूप कुछ राहत देगी, लेकिन शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ जाएगी। तराई क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है।
इन जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बिजनौर और आसपास के इलाके।
यह भी पढ़े : कोरोना की आड़ में ‘धर्म का सौदा’! बंद स्कूल बना धर्मांतरण का अड्डा, विदेशी फंडिंग का शक
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
