एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । केजीएमयू से जुड़े धर्मांतरण और महिला उत्पीड़न के मामले को लेकर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी और केजीएमयू परिसर में हाल ही में हुए विवाद तथा प्रशासन के रवैये से अवगत कराया।
केजीएमयू प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए
अपर्णा यादव ने बताया कि वह शुक्रवार को केजीएमयू पहुंचकर कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद से मुलाकात करना चाहती थीं, लेकिन कुलपति ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने परिसर में प्रेसवार्ता कर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने केजीएमयू प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
पीड़िता ने पहले केजीएमयू प्रशासन से शिकायत की थी
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता ने पहले केजीएमयू प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने आयोग का रुख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर आयोग पहुंचती है, तो उसे डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है।
अपर्णा यादव ने यह भी कहा कि यह पहला मामला नहीं
अपर्णा यादव ने यह भी कहा कि यह पहला मामला नहीं है। दिसंबर महीने में भी एक महिला प्रोफेसर ने यौन उत्पीड़न के मामले में आयोग से न्याय की गुहार लगाई थी, जिसे लंबे समय तक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों पीड़ित महिलाओं को आयोग जाने से रोका जाता है और उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की जाती है।
किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आयोग इस पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : सीतापुर में जीएसटी चोरी का महाघोटाला बेनकाब: 7 शातिर अंतरजनपदीय आरोपी गिरफ्तार
