एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मिलेनियम पैलेस बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर पर संचालित ADS Spa & Saloon में आग लग गई।फायर स्टेशन SGPGI को बीती देर रात 02:29 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई।
मसाज रूप में लगी हुई थी आग
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ के निर्देश पर एफएसओ माम चंद बड़गुजर के नेतृत्व में फायर स्टेशन SGPGI से दो फायर टैंकर मय यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि स्पा सेंटर के भीतर मसाज रूम में आग लगी हुई थी, जिससे पूरे परिसर में घना धुआं भर गया था। मौके पर मौजूद लोग भवन में लगे उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
समय रहते आग बुझ जाने से कोई जनहानि नहीं हुई
दमकल विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए भवन में स्थापित फायर हाइड्रेंट सिस्टम के माध्यम से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के समय स्पा सेंटर के मालिक धनंजय मौके पर मौजूद थे। प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने राहत की सांस ली है कि आग अन्य हिस्सों में नहीं फैली।
यह भी पढ़े : आदिवासी राजनीति की बुलंद आवाज खामोश, दुद्धी विधायक विजय सिंह गोंड का SGPGI में निधन
