एसएमयूपीन्यूज,संभल। जिले में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायसत्ती थाना क्षेत्र में जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया के निर्देश पर गठित सात संयुक्त टीमों ने एक साथ छापेमारी कर अवैध बिजली आपूर्ति के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान सामने आया कि लंबे समय से बिजली विभाग को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

अवैध स्रोत से 50 से 60 घरों को बिजली सप्लाई दी जा रही थी

जांच के दौरान टीमों को चौंकाने वाली जानकारी मिली कि एक ही अवैध स्रोत से 50 से 60 घरों को बिजली सप्लाई दी जा रही थी। मौके पर जांच करने पर पता चला कि एक व्यक्ति ने चोरी की बिजली के जरिए भूमिगत तारों के सहारे पूरा मिनी पावर स्टेशन खड़ा कर रखा था। यह सिस्टम इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य निरीक्षण में इसका पता लगना बेहद मुश्किल था।अधिकारियों के अनुसार यह अवैध व्यवस्था लंबे समय से संचालित की जा रही थी। पहले भी इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, इसके बावजूद चोरी का धंधा जारी रहा। छापेमारी के दौरान अवैध उपकरण जब्त किए गए और बिजली चोरी की विस्तृत आकलन रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

आरोपी पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाएगा: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि पकड़ी गई बिजली चोरी की मात्रा और उपकरणों के आधार पर आरोपी पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके साथ ही आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।प्रशासन और बिजली विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि बिजली चोरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभियान चलाकर की जाएगी कार्रवाई

ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं को भी बिजली कटौती और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की सघन जांच और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है, ताकि बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

यह भी पढ़े : 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप की काशी में भव्य शुरुआत

यह भी पढ़े : गोंडा में राष्ट्र कथा के दौरान भावुक हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह

यह भी पढ़े : सांसद डिंपल यादव की एडिटेड फोटो वायरल, साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज

यह भी पढ़े : ओवरलोड ट्रक रिश्वत मामला: लखनऊ, रायबरेली और फतेहपुर के एआरटीओ निलंबित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *