एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । यूपी के मिर्जापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें छह यात्रियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गोमो प्रयागराज एक्सप्रेस के यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पार करते समय गलत दिशा से लाइन क्रॉस की। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजर रही कालका मेल ने उन्हें टक्कर मार दी।
दर्दनाक घटना में मृतक यात्रियों के शव क्षत-विक्षत हो गए
इस दर्दनाक घटना में मृतक यात्रियों के शव क्षत-विक्षत हो गए। जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे लाइन से शव हटाकर उनकी पहचान कराने में जुट गई। बताया जा रहा है कि सभी यात्री कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए आए थे। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।

मृतकों में अभी तक इनकी हुई शिनाख्त
शिनाख्त के बाद मृतकों में शामिल हैं सविता (28) पत्नी राजकुमार, कमरिया थाना राजगढ़; साधना (16) पुत्री विजय शंकर बिंद, शिव कुमारी (12) पुत्री विजय शंकर, अप्पू देवी (20) पुत्री श्याम प्रसाद, सुशीला देवी (60) पत्नी स्व. मोतीलाल, महुआरी थाना पड़री; कलावती देवी (50) पत्नी जनार्दन यादव, बसवा थाना कर्मा सोनभद्र के रूप में हुई है।
रेल हादसे पर केंद्रीय मंत्री ने शोक जताया
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह घटना उनके लिए अत्यंत हृदय विदारक है।मंत्री ने बताया कि उन्होंने जिले के अधिकारियों को तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की
अनुप्रिया पटेल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। उनके इस संदेश से घटना के प्रति संवेदनशीलता और प्रशासनिक कार्रवाई दोनों का संकेत मिलता है।
इस हादसे ने रेलवे सुरक्षा पर खड़े किये सवाल
मौके पर घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा भी पहुंच गए और जांच पड़ताल शुरू कर दी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा के उपाय पर्याप्त थे, लेकिन यात्रियों द्वारा लाइन पार करने की लापरवाही से यह हादसा हुआ। इस हादसे ने रेलवे सुरक्षा और प्लेटफॉर्म नियमों के पालन की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
—————————–
बहराइच-लखनऊ हाईवे पर ट्रेलर की बाइक से टक्कर, चार की मौत

यूपी के बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मदन कोठी चौराहे के पास फखरपुर की ओर से आ रहे गिट्टी से भरे ट्रेलर (UP 78 JN 9855) के अनियंत्रित होने से हुई। ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक (UP 40 BF 9163) को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला, एक करीब 1 वर्ष का बच्चा और दो पुरुष सवार थे।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार
सभी मृतक घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया है। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।थानाध्यक्ष ब्रह्मा गोड़ ने बताया कि बाइक का रजिस्ट्रेशन विजय कुमार सिंह पुत्र रामकुमार, निवासी लालुही (बहराइच) के नाम है। परिजनों से संपर्क की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
मृतकों की पहचान और उनके परिजनों की खोज जारी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था बनाए रखी। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों की खोज जारी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा कोहरे या चालक की झपकी के कारण ट्रेलर के नियंत्रण खो देने के कारण हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना ने राजमार्ग पर यात्रियों में डर और चिंता की स्थिति पैदा कर दी है।
यह भी पढ़े : हत्या के पुराने केस की गुत्थी में उलझी पूजा की मौत, झाड़ियों में मिला अर्धनग्न शव
यह भी पढ़े : लखनऊ में कक्षा 7 के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, जानिये पूरा मामला
यह भी पढ़े : यूपी में सड़क सुरक्षा पर सख्त रुख, डीजीपी राजीव कृष्ण ने दी बड़ी कार्ययोजना
यह भी पढ़े : डीएसपी दीप्ति शर्मा: भाई के समर्पण और मेहनत से बनी भारत की क्रिकेट स्टार
