संजीव सिंह, बलिया। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षक हत्याकांड में वांछित 50 हजार के इनामी बदमाश विकास सोनकर को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। गोली लगने से घायल विकास को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी
एएसपी (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि बुधवार सुबह उभांव, भीमपुरा थानों और स्वॉट टीम की संयुक्त टीम मलेरा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश विकास सोनकर पुत्र बाबूलाल निवासी बहरज, थाना बरहज (देवरिया) के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
विकास शिक्षक हत्याकांड का है आरोपी
पुलिस पूछताछ में विकास सोनकर ने कबूल किया कि उसने 16 सितंबर को अपने साथियों संग महिला अध्यापक राधिका वर्मा से सोने की चेन छीनी थी। उसी दिन साहूपुर में शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव और महिला अध्यापिका कंचन सिंह से भी सोने की चेन और अंगूठी लूटी थी। लूट के दौरान शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव को गोली मार दी गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।पुलिस का कहना है कि विकास लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घायल बदमाश के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़े : गेस्ट हाउस में सफाईकर्मी की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने किया हंगामा
यह भी पढ़े : शहादत का गौरव: यूपी पुलिस के तीन सिपाही बने कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
यह भी पढ़े : मंदिर परिसर में गलती से पेशाब करने पर दलित बुजुर्ग को पीटा, फिर चटवाई पेशाब
