एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।राजधानी के कैंट क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विद्यासागर कॉलोनी, कटेहरी बाग निवासी 48 वर्षीय अरुण कुमार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने परिचित दंपती और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और परिजनों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के हरिहरपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें आनन-फानन में मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि अरुण ने सोमवार रात गेस्ट हाउस में कमरे में पड़ोसी विकास रावत , पश्चिम बंगाल के अमन और उसकी पत्नी विमला के साथ पार्टी की थी।
विजय नगर चौराहे पर शव रखकर लगाया जाम
परिजनों ने आरोप लगाया कि अरुण की हत्या रची-रचाई साजिश के तहत की गई है।गुस्साए परिजनों ने विजय नगर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपी दंपती के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और न्याय का भरोसा दिलाया।
लुलु माॅल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे अरुण
थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने बताया कि मृतक अरुण कुमार लुलु मॉल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने विकास, अमन और विमला को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। ।अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है । फिलहाल, पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
