एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी के बख्शी का तालाब (बीकेटी) इलाके में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने गुरुवार को लखनऊ-सीतापुर हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा और दोनों ओर दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
वाहन चालक की गिरफ्तारी न होने से भड़के परिजन
बुधवार देर शाम बाबा पुरवा निवासी 32 वर्षीय ललित की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार दोपहर जब शव गांव लाया जा रहा था, तभी परिजन और ग्रामीण हाईवे पर उतर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है और न ही उसकी गिरफ्तारी हुई है।
जाम खुलवाने की कोशिश की तो उग्र हो गई भीड़
हाईवे पर दोनों लेन बंद कर दिए गए। मौके पर पहुंची बीकेटी थाना पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। थाना प्रभारी द्वारा बलपूर्वक जाम खुलवाने की कोशिश की गई तो भीड़ और उग्र हो गई।
ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप से सुलझा मामला
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय ग्राम प्रधान बीच में आए और पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोला गया। इस दौरान कई एम्बुलेंस और अन्य वाहन लंबे जाम में फंसे रहे।
रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ था हादसा
ललित अपने पीछे पत्नी रानी, बेटे मयंक (10), अहम (6) और डेढ़ साल की बेटी वर्षा को छोड़ गए हैं। वह मूल रूप से बाबा पुरवा के रहने वाले थे और फिलहाल मड़ियांव के मुतक्कीपुर में परिवार संग रहते थे। हादसे के समय वह रिश्तेदारी से लौट रहे थे और पत्नी को टैक्सी में बैठाकर गांव लौटते वक्त दुर्घटना का शिकार हो गए।
यह भी पढ़े : यूपी में सड़क हादसे बने मौत का सबब, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ में छह लोगों की जान गई
यह भी पढ़े : यूपी में बड़ा फेरबदल, सात आईपीएस अफसरों के तबादले
यह भी पढ़े : खत्म होंगे 2017 से 2021 तक के गैर-कर ई-चालान, जनता को बड़ी राहत
यह भी पढ़े : फ्री फायर की लत ने छीनी जिंदगी, बिहार के युवक पर गुमराह करने का शक
यह भी पढ़े : उत्तर प्रदेश में 44 पीपीएस अफसरों का तबदला
यह भी पढ़े : पत्नी और मां पर बांके से हमला, गर्भवती की मौत, आरोपी पति गिरफ्तार
