एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी में चिनहट क्षेत्र के मटियारी गांव में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब परनामी मंदिर के पास बैठे युवक पर फायरिंग हो गई। असलहों से लैस बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे 37 वर्षीय पुनीत यादव पुत्र सुरेंद्र पाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कमर से नीचे लगी है गोली, हालत खतरे से बाहर
सूचना मिलते ही थाना चिनहट प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने बताया कि गोली कमर में लगी है, फिलहाल हालत खतरे से बाहर है।पुलिस जांच में सामने आया है कि पुनीत यादव और विनय यादव के बीच पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार रात दोनों में कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि विनय यादव ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी।
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर विनय यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है, जबकि तीन अन्य हमलावर अज्ञात हैं, जिनकी पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा लग रही है। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
—
शनि हत्याकांड में फरार दो और आरोपित गिरफ्तार
राजधानी में थाना निगोहां पुलिस और सर्विलांस टीम दक्षिणी की संयुक्त कार्रवाई में हत्या कारित करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को ग्राम शंकर बक्स खेड़ा निवासी शनि रावत (24 वर्ष) की योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर शव को छिपाया गया था। इस मामले में पहले ही तीन आरोपी संतोष यादव, जीतू यादव उर्फ विदेश सिंह और देवेश यादव उर्फ बोग्गा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान दो अन्य अभियुक्तों का नाम आया सामने
थानाध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए अन्य वांछित अभियुक्त जयसिंह उर्फ कल्लू और राजकपूर उर्फ कपूरे चौरसिया को तलाशने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। संयुक्त टीम ने दोनों को लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जबरौली लिंक रोड के पास से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम जयसिंह उर्फ कल्लू, पुत्र स्व. जयपाल, निवासी ग्राम कीर्तिखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ (उम्र 34 वर्ष), राजकपूर उर्फ कपूरे चौरसिया, पुत्र स्व. मैकूलाल, निवासी ग्राम भद्दीखेड़ा सिर्स, थाना निगोहां, लखनऊ (उम्र 45 वर्ष) है।
यह भी पढ़े : नेपाल में फंसे भारतीयों की मदद के लिए यूपी पुलिस अलर्ट
यह भी पढ़े : वीआईपी नंबर की चाह बनी मुसीबत, न मिला नंबर न वापस आई रकम, फंसा 9 करोड़ का रिफंड
यह भी पढ़े : महिलाओं-बच्चों पर आपत्तिजनक पोस्ट बर्दाश्त नहीं, डीजीपी ने दिए आदेश
यह भी पढ़े : सीपी राधाकृष्णन बने देश के अगले उपराष्ट्रपति, जानें मतदान का पूरा गणित
