एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी में रविवार देर रात लखनऊ-हरदोई हाईवे पर साहिलामऊ गांव के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरदोई डिपो की रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े डीजल टैंकर से जा भिड़ी, जिससे महिला परिचालक सहित 12 यात्री घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया
जानकारी के मुताबिक, बस हरदोई से 35 यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। रात करीब 11 बजे काका ढाबे के पास बस चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और पीछे से टैंकर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टैंकर भी कुछ मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी मलिहाबाद भेजवाया
सूचना पर मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी मलिहाबाद भेजवाया। गंभीर रूप से घायल यात्री शेखर को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में महिला परिचालक महाम खान, विजय पाल, नन्हे, 11 वर्षीय निहाल शर्मा, धर्मेश, एमआर वर्मा, मायाराम वर्मा और अन्य लोग शामिल हैं।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि टैंकर खाली था, वरना नुकसान और बढ़ सकता था। घटना के बाद हाईवे पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन से बस व टैंकर हटवाकर साफ किया गया तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया
दुबग्गा इलाके में रविवार दोपहर तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से बाइक सवार दूध विक्रेता व उनके दो बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है।
चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे
दुबग्गा स्थित अंधे की चौकी अक्सा कॉलोनी निवासी दूध विक्रेता अलीम रविवार को बेटा अजहर व बेटी अशरा को साथ में लेकर दूध बेचने गए थे। लौटते वक्त मछली मंडी के पास हरदोई रोड पर ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर उनकी बाइक पर पलट गई।
अलीम व दोनों बच्चे बाइक समेत ईंटों के नीचे दब गए
अलीम व दोनों बच्चे बाइक समेत ईंटों के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे और ट्रॉली को सीधा कर ईंटों के नीचे दबे अलीम व बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
यह भी पढ़े : आगरा में बड़ा खुलासा: एसटीएफ ने पकड़ी ढाई करोड़ की अवैध दवाएं
यह भी पढ़े : डीजीपी आवास के पास चोरी, लोगों ने चोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
यह भी पढ़े : सुशांत गोल्फ सिटी में युवती से छेड़छाड़ का आरोप, केस दर्ज
यह भी पढ़े : पूजा पाल की हत्या हो गई तो हमें काटनी पड़ेगी जेल : अखिलेश यादव
