लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से ऊर्जा संरक्षण, स्वदेशी अपनाने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की व्यापक अपील करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर आमजन तक कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देश और प्रदेश दोनों को आत्मनिर्भरता, अनुशासन और संसाधन संरक्षण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना होगा।

अनावश्यक खर्च से बचने की अपील की

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से ऊर्जा-बचत की आदतें अपनाने, ईंधन की खपत कम करने और अनावश्यक खर्च से बचने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि अनावश्यक सोने की खरीद से भी परहेज किया जाए।

प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव: काफिला, बैठकें और वर्क कल्चर

सीएम ने अधिकारियों के काफिले में वाहनों की संख्या में 50 प्रतिशत तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने सरकारी कार्यप्रणाली को डिजिटल और वर्चुअल मोड पर लाने पर जोर दिया है।उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों, सचिवालय और निदेशालय स्तर की लगभग 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें अब वर्चुअल माध्यम से की जाएं। सेमिनार, वर्कशॉप और शैक्षणिक कार्यक्रमों को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आयोजित करने पर बल दिया गया है।

वर्क फ्रॉम होम और उद्योगों को नई दिशा

मुख्यमंत्री ने औद्योगिक संस्थानों, स्टार्टअप्स और बड़े संगठनों में वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां संभव हो, कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जाए।

“नो व्हीकल डे” और सार्वजनिक परिवहन पर जोर

सीएम ने एक जन-आंदोलन के रूप में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने की अपील की है। इस दिन मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से भी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को कहा गया है।उन्होंने मेट्रो, सिटी बस, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों, कार पूलिंग और साइक्लिंग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। पीक आवर्स में ईंधन खपत कम करने के लिए कार्यालय समय को अलग-अलग शिफ्ट में संचालित करने का भी सुझाव दिया गया है।

बिजली बचत और सोलर ऊर्जा को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की अपील करते हुए कहा कि घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली उपयोग से बचा जाए। उन्होंने रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के सीमित उपयोग की भी सलाह दी।इसके साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और रूफटॉप सोलर को बड़े स्तर पर अपनाने पर जोर दिया गया है।

स्वदेशी, स्थानीय उत्पाद और आर्थिक आत्मनिर्भरता

सीएम ने “वोकल फॉर लोकल” को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि त्योहारों, शादियों और आयोजनों में भारतीय उत्पादों, हस्तशिल्प और ओडीओपी व जीआई टैग उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने तथा “मेड इन इंडिया” संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, किलों, इको-साइट्स और धार्मिक स्थलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में “विजिट माई स्टेट” अभियान चलाकर वेलनेस, ईको, ग्रामीण और वन्यजीव पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाए।उन्होंने डेस्टिनेशन वेडिंग को देश में ही आयोजित करने की अपील करते हुए उत्तर प्रदेश को प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य, खानपान और जीवनशैली पर फोकस

सीएम ने स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों, कैंटीनों, मिड-डे मील, जेलों और छात्रावासों में कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा दिया जाए।स्वास्थ्य विभाग को पोषण जागरूकता शिविर आयोजित करने और व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कृषि और प्राकृतिक खेती पर जोर

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गो-आधारित संसाधनों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने प्रदेश की गोशालाओं में मौजूद गोवंश के गोबर के उपयोग को भी बढ़ाने के निर्देश दिए।

ऊर्जा, पीएनजी और सोलर विस्तार

प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार को मिशन मोड में आगे बढ़ाने, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाने और सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि प्रदेश का हर नागरिक यदि छोटे-छोटे बदलाव अपनाए, तो बड़ा राष्ट्रीय परिवर्तन संभव है। उन्होंने नागरिकों से अगले छह महीनों तक अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचने और देशी संसाधनों को प्राथमिकता देने की भी अपील की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *