बांदा। यूपी के बांदा में गुरुवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खाली गैस सिलेंडरों से भरी डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
हादसा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीम मौके पर पहुंची। कटर और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें एक पुरुष और चार महिलाएं शामिल थीं। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है।
कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी Amit Aseri और पुलिस अधीक्षक Palash Bansal मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के अनुसार शुरुआती जांच में स्कॉर्पियो चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
