देवरिया । उत्तर प्रदेश के देवरिया में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे बाराती जुलूस को मातम में बदल दिया। हाजी मार्केट मोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई

बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग बिहार से देवरिया के एक गांव में बारात में शामिल होने आए थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।हालात इतने भयावह थे कि कार को काटे बिना अंदर फंसे लोगों को निकालना संभव नहीं था। पुलिस ने जेसीबी और कटर मशीन की मदद से कार को काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों और घायलों की पहचान कराने का प्रयास जारी

घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतकों में से एक की पहचान करण कुशवाहा, निवासी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है, जबकि बाकी मृतकों और घायलों की पहचान कराने का प्रयास जारी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *