लखनऊ । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के कनावा नहर में पुलिया के नीचे मंगलवार देर रात करीब 40 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे
मृतक की पहचान जटाशंकर सरोज (40) पुत्र अमरनाथ सरोज निवासी बिठौली, थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जटाशंकर अपनी बहन के घर मड़ियाहूं क्षेत्र के रानीपुर गांव में 26 अप्रैल को एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह घर से निकले थे, लेकिन देर रात उनका शव नहर में मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
