सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में दोपहर करीब 2 बजे बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसमें अब तक 9 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त प्लांट में सामान्य कामकाज चल रहा था। अचानक बॉयलर का ट्यूब फट गया, जिससे तेज धमाका हुआ और 30 से 40 मजदूर इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।

6 घायलों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 3 मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि 6 घायलों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल और खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।हादसे के बाद भारी पुलिस बल, दमकल और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा करते हुए घायलों से मिलने की मांग की।

घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया

सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और बेहतर इलाज की मांग की है।राज्य के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया गया है।यह हादसा प्रदेश में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *