औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित काजीपुर (हजरतपुर) गांव में शनिवार को विवाहिता ने फांसी लगाकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी।कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की पहचान इटावा जिले के धूमनपुरा निवासी अनुप्रिया (21) के रूप में हुई है। उसकी शादी 24 नवंबर 2025 को हजरतपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी।

यूपी डॉयल 112 पुलिस मौके पर पहुंची

शनिवार सुबह अनुप्रिया का शव छत वाले कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही यूपी डॉयल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान यह भी सामने आया कि घटना के बाद घर के अधिकांश सदस्य मौके से गायब थे, जबकि सास ही घर पर मौजूद मिली। मृतका की मां ने पुलिस को सूचना देते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मायके पक्ष का कहना है कि अनुप्रिया की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए

कोतवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, नायब तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कराई। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

शादी के कर्ज से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान

उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र स्थित भौनकपुर गांव में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

शादी के लिए कुलदीप ने काफी कर्ज ले रखा था

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान भौनकपुर गांव निवासी कुलदीप (25) के रूप में हुई है। उसकी शादी 29 अप्रैल 2025 को इटावा के नगला जोर निवासी नीशू से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के लिए कुलदीप ने काफी कर्ज ले रखा था, जिससे वह मानसिक तनाव में चल रहा था। शुक्रवार रात कुलदीप ने पत्नी नीशू के साथ खाना खाने के बाद घर की छत पर जाकर प्लास्टिक की रस्सी से पिलर में फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की शुरू की

शनिवार भोर में गेहूं की कटाई के लिए खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने उसका शव छत पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि परिजनों से पता चला है कि युवक पर शादी का कर्ज था, जिसके चलते वह तनाव में था। इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की शुरू कर दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *