smupnews

जनसुनवाई में एक्शन मोड में ऊर्जा मंत्री, गलत एस्टीमेट पर JE सस्पेंड, संविदा कर्मी बर्खास्त

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने ‘संभव पोर्टल’ पर जनसुनवाई के दौरान सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाह अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। बाराबंकी जिले में गलत एस्टीमेट बनाने की शिकायत पर सतरिख के अवर अभियंता रवि वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि संविदा कर्मी मनीष कुमार वर्मा को बर्खास्त कर दिया गया।

विभिन्न जिलों से आई 100 से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया

मंगलवार शाम मऊ के बहुउद्देशीय भवन ‘मंगलम’ में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने विभिन्न जिलों से आई 100 से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया। इस दौरान बाराबंकी के एक उपभोक्ता ने अत्यधिक राशि का गलत एस्टीमेट बनाए जाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित लाइनमैन को हटाने, अवर अभियंता को निलंबित करने और अधिशासी अभियंता के खिलाफ नियम-10 के तहत कार्रवाई व स्थानांतरण के निर्देश दिए।

इसके अलावा आजमगढ़, बरेली, आगरा समेत कई जिलों में भी बिजली विभाग की लापरवाही सामने आने पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। महाराजगंज में एस्टीमेट जमा होने के बावजूद विद्युत कनेक्शन न देने के मामले में भी संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

पारदर्शी सेवाएं देना विभाग की प्राथमिकता

ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बरेली और मेरठ से आई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।साथ ही झांसी, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और मथुरा की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और ठोस सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।इस दौरान कार्पोरेशन अध्यक्ष आशीष गोयल, प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित विद्युत निगमों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *