उन्नाव। बिहार-बक्सर मार्ग पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे एक परिवार को पलभर में तबाह कर दिया। मां चंडिका के दरबार में 3 साल के मासूम शुभ का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे लोगों की बोलेरो को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुंडन कराने परिवार के साथ बक्सर गई थीं
जानकारी के मुताबिक, पठई गांव निवासी मालती अपने बेटे शुभ का मुंडन कराने परिवार के साथ बक्सर गई थीं। मंदिर में रस्म पूरी कर सभी लोग खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, जहां जश्न की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन कीरतपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वह डंपर के नीचे दब गई।
आसपास के ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। मलबे के बीच लाशें पड़ी थीं और चारों ओर खून ही खून फैला था। घायल मां मालती अपने मासूम बेटे को सीने से लगाए मलबे में फंसी मिलीं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया
सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। जहां मुंडन की दावत की तैयारी थी, वहां अब एक साथ कई अर्थियां उठने की तैयारी हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
