लखनऊ। राजधानी में 1 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैच के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी, ताकि दर्शकों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस दौरान शहीद पथ, सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड, कानपुर रोड और अयोध्या रोड से जुड़े कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कमता तिराहा, अहिमामऊ चौराहा, हुसड़िया अंडरपास, लालबत्ती चौराहा समेत कई अहम चौराहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
1090 चौराहा जैसे वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कमता शहीद पथ तिराहा से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर, रायबरेली या कानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित डायवर्जन मार्गों से ही जा सकेंगे। इसी तरह शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा से अन्य प्रमुख मार्गों की ओर जाने वाले वाहनों को भी बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग और 1090 चौराहा जैसे वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।इसके अलावा, गोसाईगंज, उतरेठिया अंडरपास, हुसड़िया अंडरपास और सुल्तानपुर रोड से आने-जाने वाले बड़े और व्यावसायिक वाहनों के लिए विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं। सुल्तानपुर रोड से अहिमामऊ चौराहे की ओर सामान्य यातायात भी सीमित रहेगा और उसे लूलू मॉल कटिंग के जरिए डायवर्ट किया जाएगा।
अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा
ट्रैफिक विभाग ने यह भी बताया कि दोपहर 2 बजे से रात में मैच समाप्ति तक अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शहीद पथ पर शाम 2 बजे से रात 9 बजे के बीच भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना है, इसलिए आम नागरिकों को इस मार्ग का उपयोग न करने की सलाह दी गई है।मैच के दौरान स्टेडियम जाने वाले दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बड़े वाहन और बसें अहिमामऊ चौराहे के रास्ते ही स्टेडियम तक पहुंच सकेंगी। साथ ही, अर्जुनगंज और कैंट मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में उपयोग करने की सलाह दी गई है।
नो-एंट्री समय मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगा
पुलिस ने बताया कि भारी वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री समय मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूल वाहन और शव वाहन को आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी जाने की अनुमति दी जाएगी।ट्रैफिक से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 जारी किया गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
