मीरजापुर। मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अहरौरा-जमुई मार्ग पर तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बाइक से गिरने के बाद वाहन कुचलते हुए निकल गए

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे नहर के पास हुआ, जब तेज गति से आ रहे हाईवा (यूपी 65 एलटी 8115) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी कई वाहन शवों के ऊपर से गुजरते रहे, जिससे घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह हो गया।मृतकों की पहचान वेदवंती (28), अनुराग (19) और मासूम अनमोल (5) के रूप में हुई है, जो अहिरूपुर सोनपुर गांव के निवासी और एक ही परिवार के सदस्य थे।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार

इस हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उपजिलाधिकारी मड़िहान, क्षेत्राधिकारी समेत कई थानों की पुलिस ने मौके का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *