बरेली। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को बरेली के राजेंद्रनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिंदू सुरक्षा, किसानों की बदहाली, शिक्षा और जनसंख्या नियंत्रण जैसे मुद्दों पर खुलकर बयान दिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में बीते 14 वर्षों से हिंदुओं की हत्या हो रही है, और वर्ष 1990 में कश्मीरी घाटी में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली थी।डॉ. तोगड़िया ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हो चुका है, ताज और तख्त भी बदल गए, अब आगे हिंदुओं के सुरक्षित, समृद्ध और सम्मानजनक भविष्य का संकल्प लेना होगा। उन्होंने नारा दिया— “अब तो हिंदू ही आगे, सुरक्षित हिंदू, समृद्ध हिंदू और सम्मानयुक्त हिंदू।”
सस्ती शिक्षा हर नागरिक का अधिकार : तोगड़िया
कार्यक्रम के दौरान तोगड़िया ने शिक्षा और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सस्ती शिक्षा हर नागरिक का अधिकार है और सभी को रोजगार मिलना चाहिए। किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा— “खेत हमारा, फसल हमारी, तो कर्ज क्यों?” किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने नारा दिया— “किसानों को फसल के दाम, यही है हमारा राम, यही है हमारा काम।”राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि यह मंदिर किसी एक व्यक्ति के धन से नहीं, बल्कि आठ करोड़ हिंदुओं द्वारा दिए गए सवा-सवा रुपये के योगदान से बना है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान का घर हमारे घर से बड़ा होना चाहिए।
1700 वर्ष पहले भारत दुनिया का सबसे समृद्ध देश था
डॉ. तोगड़िया ने भारत के ऐतिहासिक गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि 1700 वर्ष पहले भारत दुनिया का सबसे समृद्ध देश और शिक्षा का केंद्र था, जिसने विश्व को शून्य का ज्ञान दिया। आज अमेरिका सबसे समृद्ध देश है, जबकि भारत में 19 करोड़ लोग भूखे सोते हैं और करीब 40 करोड़ लोग बीमारियों से जूझ रहे हैं।उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से अपील की कि हर गांव में मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाए। साथ ही कहा कि हिंदुओं की संख्या लगातार घट रही है, जबकि इजरायल ने कम संख्या में होने के बावजूद फिलिस्तीन को मात दी है, जिससे सीख लेने की जरूरत है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. तोगड़िया ने लोगों को कई संकल्प दिलाए
कोई हिंदू भूखा नहीं रहेगा
हिंदुओं की दुकानों से ही खरीदारी की जाएगी
सस्ती शिक्षा सबका अधिकार होगी
किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा
भारत में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाया जाना चाहिए
देश से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा
डॉ. तोगड़िया के इन बयानों के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर नारेबाजी की और उनके संकल्पों का समर्थन किया।
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में महिला शक्ति का बोलबाला: 2017 से 4 गुना बढ़ी संख्या, 50 हजार के पार
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस भर्ती 2025: होमगार्ड अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट
यह भी पढ़े : सीतापुर में जीएसटी चोरी का महाघोटाला बेनकाब: 7 शातिर अंतरजनपदीय आरोपी गिरफ्तार
