एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । दो साल पहले हुए भट्ठा लूट मामले में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक अन्य आरोपी के घर भी दबिश दी, लेकिन वह भागने में सफल रहा। इस दौरान पुलिस ने उसके घर से सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही
शहर के मोहल्ला यूसुफपुर भगवान में सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने कार्रवाई की। कार्रवाई में विराट मौर्य को पकड़ा गया, जबकि शिवम दुबे उर्फ सोमू पुलिस से बच निकला। इसके अलावा रामपुर मजरे गांव में एक ट्यूबवेल पर दबिश देकर सुरजीत यादव को भी हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है।
विशाल ने दो साल बाद घटना की एफआईआर दर्ज कराई थी
सदर कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उनके भाई नीलू यादव के साथ मिलकर भट्ठा लूट कांड को अंजाम देने में शामिल थे। पीड़ित विशाल यादव ने दो साल बाद घटना की एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर 2023 को नवाब और नीलू ने उनके भट्ठे पर कब्जा कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी और 15 लाख रुपये के सामान लूट लिए थे। इसके अलावा चाचा की बाइक भी ले ली गई थी।किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में नवाब सिंह यादव वर्तमान में बांदा की मंडलीय कारागार में बंद हैं, जबकि नीलू यादव कौशांबी जिला कारागार में साक्ष्य मिटाने के आरोप में बंद हैं।
दोनों पर पहले ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी
दोनों पर पहले ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है।भट्ठा लूट मामले के अन्य फरार आरोपियों में अड़ंगापुर निवासी सचिन यादव, रामपुर मजरे निवासी प्रदीप यादव और कुतलूपुर मकरंदनगर निवासी शिवम दुबे उर्फ सोमू शामिल हैं। सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि पुलिस जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।पुलिस ने बताया कि नवाब सिंह यादव के गुर्गों पर शिकंजा कसना जारी है और शेष फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है।
यह भी पढ़े : ओवरलोड ट्रक रिश्वत मामला: लखनऊ, रायबरेली और फतेहपुर के एआरटीओ निलंबित
यह भी पढ़े : यूपी में आईएएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, कई अफसरों को नई जिम्मेदारी
